#सीतापुर:रामकोट में धर्मांतरण के आरोप में तीन गिरफ्तार, प्रार्थना सभा में हंगामा.

रामकोट, सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के रामकोट थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामनगर खटकरी गांव में रविवार को कथित रूप से धर्मांतरण कराए जाने का मामला सामने आया है। हिंदू शेर सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष और अन्य हिंदूवादी संगठन के लोगों ने एक घर में चल रही प्रार्थना सभा में अवैध रूप से धर्मांतरण कराने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा व नारेबाजी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वहां मौजूद 15 अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बीमारी ठीक करने और रुपयों का लालच
हिंदूवादी संगठनों का आरोप है कि प्रार्थना सभा से जुड़े लोग हिंदू धर्म के आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को निशाना बना रहे थे। उन्हें रुपयों का लालच देकर और गंभीर बीमारियां ठीक करने का झूठा दावा कर अपने जाल में फंसाया जा रहा था। रविवार को जब भारी संख्या में ग्रामीण और संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे, तो वहां बड़े स्तर पर सभा चल रही थी, जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया।
तलाशी में मिलीं धार्मिक सामग्रियां
हंगामे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रामकोट पीयूष सिंह अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच और घर की तलाशी के दौरान मौके से ढोल-मंजीरा, पवित्र जल, बाइबल, लकड़ी का एक बड़े आकार का क्रॉस, ईसाई धर्म से जुड़ी तस्वीरें और धर्मांतरण से संबंधित साहित्य बरामद किया गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उस मकान को सील करने की मांग की है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
थानाध्यक्ष पीयूष सिंह के मुताबिक, इस मामले में तीन मुख्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान खीरी के कोतवाली सदर बक्सा मार्केट संकटा देवी निवासी मंजीत कुमार, रामकोट के रामनगर खटकरी निवासी विष्णु और देवगनपुर निवासी नन्दकिशोर मौर्य के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि विष्णु नामक व्यक्ति अपने घर पर प्रार्थना सभा का आयोजन करता था, जिसमें ज्यादातर महिलाओं और बच्चों को बुलाया जाता था। गांव में ऐहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ