रामपुर मथुरा,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): दिल्ली में हुए एक हृदयविदारक हादसे ने सीतापुर के एक होनहार युवक को हमसे छीन लिया। शनिवार शाम दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास एक बहुमंजिला व्यावसायिक इमारत ढह गई, जिसमें दबकर रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के चांदपुर निवासी आलोक वर्मा (24) की दर्दनाक मौत हो गई। सोमवार को जैसे ही युवक का शव उसके पैतृक गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया।
कैंटीन में बैठे थे आलोक
मृतक आलोक दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। घटना के समय वह अन्य छात्रों के साथ पास स्थित एक कैंटीन में बैठा हुआ था। तभी अचानक पास की बहुमंजिला इमारत भरभराकर गिर पड़ी और उसका मलबा कैंटीन पर आ गिरा।
मलबे में दबने से हुई मौत
इमारत का मलबा इतना भारी था कि वहां मौजूद कई लोग उसके नीचे दब गए। इस हादसे में आलोक को बचाया नहीं जा सका और उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
सोमवार को आलोक का शव जब गांव पहुंचा, तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों और क्षेत्रवासियों की आंखें नम थीं। देर शाम आलोक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पूरे क्षेत्र ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई है।
0 टिप्पणियाँ