बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):बिसवां इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में बिसवां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गुरुवार सुबह करीब पौने ग्यारह बजे बिसवां-लहरपुर रोड पर घेराबंदी कर एक महिला समेत दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से चोरी के सोने के जेवर, नकदी और घटना में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार बरामद हुई है।
लहरपुर रोड पर हुई घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षक बिसवां के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गुरुवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने बिसवां-लहरपुर मार्ग पर स्थित ग्राम शहरी सराय के पास जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।
अकेचनपुर के रहने वाले हैं आरोपी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान फरीदी पुत्र स्वर्गीय जामिन और आसिया पत्नी अनीश अहमद के रूप में हुई है। दोनों आरोपी लहरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकेचनपुर टप्पा के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी बीते 6 जून से चोरी के एक मामले में वांछित चल रहे थे। इनके खिलाफ बिस्वां थाने में बीएनएस की धारा 303(2) व 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज है।
सोने के आभूषण और नकदी जब्त
जामा तलाशी और वाहन की चेकिंग के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से 18 जोड़ी कान के झाले पीली धातु और एक पीस गोल गला हुआ सोना बरामद हुआ। इसके अलावा ₹5,000 की नगदी और वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार UP 32 KM 0492 को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राम राघव सिंह, उ0नि0 सुधाकर सिंह और हेड कांस्टेबल अमरेंद्र कुमार द्विवेदी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ