नैमिषारण्य,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद के रामपुर खेवटा गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक आम के पेड़ से प्रेमी युगल के शव लटके पाए गए। प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने एक ही दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटनास्थल का मंजर देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। मौके पर श्रृंगार का बिखरा सामान और किशोरी की मांग में लगा सिंदूर इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि मौत को गले लगाने से पहले दोनों ने शादी की रस्म निभाई थी।
स्थानीय लोगों के कथनानुसार दो साल से था प्रेम प्रसंग
मृतकों की पहचान गांव के ही 21 वर्षीय युवक और 17 वर्षीय किशोरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पड़ोसी थे और पिछले दो साल से उनके बीच प्रेम संबंध चल रहा था। शनिवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच दोनों अपने-अपने घरों से रहस्यमय परिस्थितियों में निकले थे। सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए, तब इस दर्दनाक घटना का खुलासा हुआ।
दूसरी जगह तय हो गई थी शादी
ग्रामीणों के मुताबिक, किशोरी का विवाह आगामी नवंबर माह में कहीं और तय हो चुका था और फरवरी में तिलक की रस्म भी पूरी हो चुकी थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी सामाजिक दबाव और परिजनों की असहमति के कारण दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, किशोरी के परिजनों ने प्रेम संबंध की बात से इनकार किया है। घटना के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
हर पहलू पर जांच कर रही पुलिस
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची नैमिषारण्य थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल के आधार पर गहनता से तफ्तीश कर रही है। प्रशासन ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
0 टिप्पणियाँ