#सीतापुर:योगमय होगा सीतापुर: पुलिस लाइन में मुख्य आयोजन कल, नैमिषारण्य समेत गांव-गांव में जुटेंगे साधक.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद में 21 जून को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ऐतिहासिक और भव्य तरीके से मनाया जाएगा। मुख्य आयोजन शहर के सरदार वल्लभ भाई पटेल ओपन हॉल पुलिस लाइन में होगा, जहां हजारों लोग एक साथ योग की विभिन्न विधाओं का अभ्यास करेंगे। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. तृप्ति आर. सिंह ने बताया कि योग दिवस को लेकर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मंत्री और नोडल अधिकारी करेंगे शुभारंभ
पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, नोडल अधिकारी पी. गुरु प्रसाद और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। अधिकारी द्वय ने बताया कि इस बार योग दिवस को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया है।
पावन नगरी नैमिषारण्य में भी सजेगा मंच
आध्यात्मिक और पौराणिक नगरी नैमिषारण्य में योग दिवस का विशेष केंद्र रहेगा। यहां आयोजित भव्य योग शिविर का शुभारंभ मिश्रिख के सांसद अशोक रावत और क्षेत्रीय विधायक रामकृष्ण भार्गव की गरिमामयी उपस्थिति में होगा। इसके लिए तीर्थ क्षेत्र में विशेष मुस्तैदी बरती जा रही है ताकि बड़ी संख्या में आने वाले साधकों को कोई असुविधा न हो।
पार्क से लेकर पंचायतों तक योग की धूम
जिले के कोने-कोने तक लोगों को योग से जोड़ने के लिए इस बार विशेष रूट मैप तैयार किया गया है:
 सभी तहसीलों व ब्लॉकों में शिविर: जनपद की सभी 7 तहसीलों और 19 ब्लॉकों में योग प्रशिक्षकों की देखरेख में योगाभ्यास कराया जाएगा।
 शहर के प्रमुख पार्क:शहरी क्षेत्र के लोगों के लिए महावीर पार्क और सरोजनी वाटिका पार्क में योग प्रशिक्षकों की विशेष ड्यूटियां लगाई गई हैं।
 गांव-गांव में जुटेंगे ग्रामीण: मुख्य विकास अधिकारी सीतापुर ने सभी खंड विकास अधिकारियों और पंचायत को कड़े निर्देश दिए हैं। इसके तहत सभी ग्राम प्रधानों के सहयोग से प्रत्येक गांव में योग शिविर का आयोजन अनिवार्य रूप से कराया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ