सीतापुर(उत्तर प्रदेश):अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को शहर स्थित पुलिस लाइंस परिसर में एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रमुख सचिव एवं जनपद के नोडल अधिकारी पी. गुरु प्रसाद ने शिरकत की। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. सहित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और भारी संख्या में पुलिसकर्मियों व स्थानीय नागरिकों ने योग कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
विशिष्ट जनों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद के साथ जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर., विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, नगर पालिका परिषद सीतापुर की अध्यक्ष नेहा अवस्थी, नमींद्र अवस्थी तथा पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन हुई, जिसके बाद योग प्रशिक्षक के कुशल निर्देशन में सभी ने विभिन्न योगासनों और प्राणायामों का अभ्यास किया।
योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की एक अमूल्य धरोहर है। यह न केवल शरीर को निरोग रखता है, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन भी प्रदान करता है। नियमित योग को स्वस्थ जीवन का मुख्य आधार बताते हुए उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में अनिवार्य रूप से शामिल करने का आह्वान किया।
पुलिस कर्मियों और आम जनता में दिखा भारी उत्साह
इस अवसर पर पुलिस लाइंस का मैदान योग साधकों से पटा नजर आया। बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योग की विभिन्न मुद्राओं का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य और योग के प्रति जागरूकता का प्रसार करना रहा, जिसमें हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
0 टिप्पणियाँ