# सीतापुर:नीट-यूजी परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, छह केंद्रों पर होगी परीक्षा.

कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों व अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक, दिए कड़े निर्देश
सीतापुर(उत्तर प्रदेश):राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG)-2026 को जनपद में सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इस संबंध में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र व्यवस्थापकों, पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए कड़े निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में नीट परीक्षा के लिए कुल 06 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां आगामी 21 जून को दोपहर 02.00 बजे से सायं 05.15 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पवित्रता, गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दिशा-निर्देशों का पालन और सघन चेकिंग
बैठक में एडीएम ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा नियामक संस्था द्वारा जारी गाइडलाइंस का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों की गहन तलाशी के बाद ही उन्हें केंद्र के भीतर प्रवेश दिया जाए। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। साथ ही केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में कक्ष निरीक्षक और तकनीकी स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
केंद्रों पर बुनियादी और चिकित्सा सुविधाएं
अपर जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सहूलियत के लिए निर्बाध बिजली, स्वच्छ पेयजल, साफ शौचालय और बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भीषण गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और ओआरएस आदि के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। किसी भी अप्रिय या आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखने को कहा गया है।
 सुरक्षा के कड़े इंतजाम, गड़बड़ी पर जीरो टॉलरेंस
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी 06 केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ जुटने नहीं दी जाएगी। एडीएम ने दो टूक कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले अवांछनीय तत्वों और अनुचित गतिविधियों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस'  की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने अभिभावकों और छात्रों की सुविधा के लिए केंद्रों पर स्पष्ट रूप से सूचनाएं प्रदर्शित करने तथा प्रवेश प्रक्रिया को सुचारू बनाने के निर्देश दिए ताकि किसी को असुविधा न हो।
बैठक में मुख्य रूप से जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र सिंह, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि और सभी केंद्रों के व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ