बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): ग्रामीण अंचल के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के संकल्प के साथ रैडिको खेतान लिमिटेड ने एक और सराहनीय कदम उठाया है। बिसवां के कंदुनी स्थित रैडिको हाउसिंग कॉलोनी के पास कंपनी द्वारा नवनिर्मित “नाड़ी परीक्षण केंद्र” का भव्य उद्घाटन शुक्रवार को किया गया। संस्थान के चेयरमैन डॉ. ललित खेतान ने दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर इस केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर कंपनी के कई शीर्ष अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
सुलभ स्वास्थ्य व जागरूकता मुख्य लक्ष्य
उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए चेयरमैन डॉ. ललित खेतान ने कहा कि समाज का सर्वांगीण विकास और जनकल्याण रैडिको खेतान की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। इस केंद्र की स्थापना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को उनके घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना और बीमारी के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस केंद्र से स्थानीय लोगों को समय पर सही डॉक्टरी परामर्श मिलेगा, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
सीएसआर के जरिए सामाजिक सरोकार
रैडिको खेतान लिमिटेड अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व नीति के तहत ग्रामीण इलाकों में लगातार सक्रिय है। कंपनी स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास के प्रोजेक्ट्स पर भी पूरी निष्ठा से काम कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि समाज के पिछड़े और जरूरतमंद तबके तक बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना कंपनी अपना नैतिक और सामाजिक दायित्व मानती है।
जीवन स्तर सुधारने का संकल्प दोहराया
कंपनी प्रबंधन ने क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर दोहराया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी और समाजोपयोगी कार्यक्रम लगातार चलाए जाते रहेंगे, ताकि स्थानीय समुदाय का स्वास्थ्य और जीवन स्तर और बेहतर हो सके।
इस अवसर पर यह रहे मौजूद
इस अवसर पर सीएसआर अध्यक्ष अनीता चौहान, मुख्य वित्तीय अधिकारी दिलीप कुमार बांठिया, चीफ टेक्निकल ऑफिसर प्रकाश एम, यूनिट हेड अंशु श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ