सीतापुर(उत्तर प्रदेश):उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के अन्य पिछड़ा वर्ग के इण्टरमीडिएट उत्तीर्ण बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए सरकारी खर्च पर कंप्यूटर सीखने का सुनहरा मौका है। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के तहत 'ओ' लेवल और 'सीसीसी' कोर्स के लिए ऑनलाइन आवेदन की समय-सारणी जारी कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 16 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवि शंकर गिरि ने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक को सीतापुर जनपद का मूल निवासी होना अनिवार्य है।
₹1 लाख सालाना आय की सीमा
इस योजना के अंतर्गत ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों के उन परिवारों के युवा पात्र होंगे जिनकी वार्षिक आय ₹1,00,000 (एक लाख रुपये मात्र) या उससे कम है। आय सीमा का यह नियम दोनों क्षेत्रों के लिए समान रूप से लागू रहेगा।
35 वर्ष से अधिक न हो उम्र
ट्रेनिंग के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता (10+2) इण्टरमीडिएट तय की गई है। इसके साथ ही आवेदक की अधिकतम आयु 35 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। शर्त यह भी है कि अभ्यर्थी बेरोजगार हो और किसी अन्य शिक्षण संस्थान से छात्रवृत्ति न ले रहा हो।
10 जुलाई तक जमा करें हार्डकॉपी
अभ्यर्थी जनसुविधा केंद्रों, साइबर कैफे या स्वयं वेबसाइट https://obccomputertraining.upsdc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। किसी अन्य माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं होंगे। ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद उसकी प्रिंट आउट कॉपी के साथ आय, जाति व शैक्षिक दस्तावेजों को संलग्न कर 'कार्यालय जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, सीतापुर (विकास भवन, कमरा नंबर 308)' में 10 जुलाई 2026 की शाम 5:00 बजे तक जमा करना अनिवार्य है।
0 टिप्पणियाँ