#सीतापुर:बघैया में एक्सपायर्ड वैक्सीन मिलने से हड़कंप, लापरवाह एएनएम पर डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश.

बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): विकास खंड बिसवां की ग्राम पंचायत बघैया में शनिवार को स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी लापरवाही सामने आई। पंचायत भवन में आयोजित वीएचएसएनडी सत्र का औचक निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. को आईस बॉक्स में एक्सपायर वैक्सीन मिली। इस गंभीर लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए डीएम ने दोषी एएनएम के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
हाई रिस्क प्रेगनेंसी और कुपोषित बच्चों की ट्रैकिंग जांची
औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले एएनएम से वीएचएसएनडी सत्र की प्रगति रिपोर्ट मांगी। उन्होंने हाई रिस्क प्रेगनेंसी, गर्भवती महिलाओं के साथ-साथ गंभीर कुपोषित और मध्यम कुपोषित बच्चों के ट्रैकिंग रजिस्टर का बारीकी से मिलान किया। रजिस्टर में दर्ज 13 गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण की स्थिति के बारे में भी संबंधित स्टाफ से पूछताछ की गई।
वैक्सीनेशन किट में मिली एक्सपायर्ड वैक्सीन, भड़के अफसर
निरीक्षण के दौरान तब हड़कंप मच गया जब डीएम ने  आईस बॉक्स और वैक्सीनेशन किट को खोलकर देखा। किट के भीतर रखी वैक्सीन की मियाद पूरी हो चुकी थी। इसे नवजातों और गर्भवती महिलाओं के साथ लापरवाही मानते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही मौजूद मुख्य चिकित्साधिकारी को कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
मौके पर मौजूद महिलाओं से पूछा- समय पर मिलता है लाभ?
सत्र का जायजा लेने के साथ ही जिलाधिकारी ने पंचायत भवन में आईं ग्रामीण महिलाओं और माताओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने बच्चों को लगने वाले टीकों और दी जाने वाली सुविधाओं का जमीनी फीडबैक लिया। इसके बाद उन्होंने टीकाकरण के लिए चिह्नित शेष बच्चों की सूची का भी अवलोकन किया। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुखरंजन समद्दर भी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ