सिधौली,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद में तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से सिधौली स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में चल रहे निर्माण कार्यों का जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के सहयोग से 'फेज-2' के तहत हो रहे आधुनिकीकरण के कार्यों की उन्होंने मौके पर जाकर न केवल प्रगति देखी, बल्कि गुणवत्ता पर सवाल उठने पर कार्यदायी संस्था को सख्त लहजे में हिदायत दी।
निर्माण कार्यों की जांची गुणवत्ता
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आधुनिक कार्यशाला और नए प्रशिक्षण कक्षों के निर्माण की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य सरकारी मानकों के अनुरूप होने चाहिए। कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण में केवल उच्च श्रेणी की सामग्री का ही प्रयोग सुनिश्चित करें।
तकनीकी मानकों पर सख्त दिखे डीएम
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पिलरों में प्रयुक्त सरिया किसी भी स्थिति में बाहर न दिखे। उन्होंने कहा कि निर्माण में तकनीकी मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित हो। काम में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समयबद्धता के साथ पूर्ण करने का निर्देश
जिलाधिकारी ने संस्थान के उन्नयन कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कार्यदायी संस्था को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में गति और गुणवत्ता दोनों का संतुलन जरूरी है। इस औचक निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्हें डीएम ने निर्माण कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करने के लिए निर्देशित किया।
0 टिप्पणियाँ