#सीतापुर:न्याय की आस में पहुंचे फरियादी, मौके पर निस्तारण के साथ अफसरों को कड़े निर्देश.

महोली/सीतापुर(संवाददाता)। जनपद की सभी सात तहसीलों में शनिवार को 'सम्पूर्ण समाधान दिवस' का आयोजन किया गया। तहसील महोली में क्षेत्रीय विधायक शशांक त्रिवेदी, जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल की अध्यक्षता में फरियादियों की गंभीर समस्याएं सुनी गईं। शासन की मंशा के अनुरूप जनता की शिकायतों को एक-एक कर सुना गया और उनके समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए गए।
लाभार्थी योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए, ताकि पात्र व्यक्तियों को समय से लाभ मिल सके। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि अधिकारी केवल कार्यालय में बैठकर खानापूर्ति न करें, बल्कि मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण ढंग से शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी महोली शिखा शुक्ला और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुखरंजन समद्दर सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
 तहसीलों में शिकायतों की स्थिति
शनिवार को आयोजित इस सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनपद भर की तहसीलों से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इसमें तहसील सदर में सर्वाधिक 112 प्रार्थना पत्रों में से 14, तहसील सिधौली में 110 में से 11, और तहसील महोली में प्राप्त 102 शिकायतों में से 06 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। इसी प्रकार तहसील महमूदाबाद में प्राप्त 84 प्रार्थना पत्रों में से 07, तहसील मिश्रिख में 83 में से 08, तहसील लहरपुर में 37 में से 04 तथा तहसील बिसवां में प्राप्त 24 प्रार्थना पत्रों में से 06 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
शेष शिकायतों का एक सप्ताह में होगा निस्तारण
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौके पर निस्तारित न हो सकीं शेष बची सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें पृष्ठांकित कर संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया है। सभी विभागों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि इन लंबित मामलों का एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कर आख्या प्रेषित करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ