बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): सीतापुर के बिसवां निवासी वरिष्ठ साहित्यकार, कला समीक्षक व स्तंभकार पद्म कांत शर्मा 'प्रभात' को कला समीक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट व दीर्घकालीन योगदान के लिए प्रतिष्ठित अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। लखनऊ स्थित राजभवन में आयोजित एक भव्य व गरिमामयी समारोह में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उन्हें इस से सम्मान से नवाजा। इस उपलब्धि से साहित्यकारों और प्रबुद्ध वर्ग में हर्ष की लहर दौड़ गई है।
राजभवन में भव्य अलंकरण समारोह
उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग के अंतर्गत संगीत नाटक अकादमी द्वारा आयोजित इस विशेष समारोह के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रहे। उन्होंने पद्म कांत शर्मा को अकादमी सम्मान से अलंकृत किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने राज्यपाल का बधाई संदेश पढ़कर सुनाया और संस्कृति उत्थान में कलाकारों व समीक्षकों के अमूल्य योगदान की भूरि-भूरि सराहना की। समारोह में अकादमी के अध्यक्ष डॉ. जयंत खोत, उपाध्यक्ष डॉ. विभा सिंह, राज्यपाल के प्रमुख सचिव व ओएसडी डॉ. सुधीर बोबड़े तथा अकादमी के निदेशक डॉ. शोभित नाहर प्रमुख रूप से शामिल रहे।
साहित्य व कला क्षेत्र में अद्वितीय योगदान
मूल रूप से बिसवां सीतापुर के रहने वाले श्री शर्मा साहित्य जगत में 'प्रभात' उपनाम से प्रखर कविताएं लिखते हैं। सांस्कृतिक रिपोर्टिंग, स्तंभ लेखन और कला विषयक पत्रिकाओं के कुशल संपादन में महारत रखने वाले श्री शर्मा का सामाजिक सरोकारों से बेहद गहरा लगाव रहा है। कला समीक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट, अद्वितीय और दीर्घकालीन सराहनीय योगदान को देखते हुए ही उन्हें इस वर्ष इस शीर्ष सम्मान के लिए चुना गया।
जनपद में हर्ष,दी बधाई
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर समूचे सीतापुर जनपद में खुशी का माहौल है। विधायक निर्मल वर्मा, एमएलसी पवन सिंह, पूर्व विधायक महेंद्र सिंह यादव, विधायक ज्ञान तिवारी, रमेश वाजपेयी विरल, संदीप सरस, राम चंद्र वर्मा, सिराज अहमद, आशीष मिश्र, अश्वनी त्रिपाठी, मधुकर वर्मा, पीयूष वाजपेयी, पवन मिश्र, वीरेश मिश्र, सीमा रस्तोगी, कैलाशपति रस्तोगी, सरला अवस्थी, आराध्य शुक्ला, संदीप मिश्र, सहित स्थानीय लोगों, कलाकारों एवं प्रबुद्ध वर्ग ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
0 टिप्पणियाँ