#सीतापुर: मिशन सेफ फ्यूचर: स्कूली वाहनों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले 13 वाहनों पर कार्रवाई, दो सीज.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान के तहत सख्ती बढ़ा दी है। अभियान के नौवें दिन विद्यालयों के आसपास चले सघन प्रवर्तन अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाले 13 स्कूली वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। विभाग की इस कार्रवाई से स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया है।
अवैध रूप से दौड़ रहे थे निजी वाहन
जांच के दौरान टीम को कई निजी वाहन अवैध रूप से स्कूली बच्चों को लाते-ले जाते मिले। इन वाहनों की जांच में फर्स्ट एड बॉक्स, आपातकालीन सुरक्षा उपकरण व रेडियम रिफ्लेक्टर जैसे अनिवार्य मानक नदारद पाए गए। परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 11 वाहनों का चालान किया और मानक पूरे न होने पर दो वाहनों को सीज कर दिया।
12 वाहनों को मिला फिटनेस प्रमाणपत्र
एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि 1 जुलाई से 15 जुलाई तक चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत विद्यालय संचालकों को अभिलेख पूर्ण करने का अंतिम अवसर दिया गया था। इसी क्रम में नौ जुलाई को 13 स्कूली वाहन फिटनेस परीक्षण के लिए कार्यालय पहुंचे, जिनमें से 12 वाहनों को मानकों पर खरा उतरने के बाद फिटनेस प्रमाणपत्र जारी किया गया।
40 वाहन अनफिट, 57 के पास नहीं है परमिट
स्कूल वाहन पोर्टल पर पंजीकरण के बाद जनपद में कुल 794 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं। श्री चतुर्वेदी ने बताया कि इनमें से 40 वाहन फिटनेस मानकों पर फेल हैं, 57 वाहनों के पास वैध परमिट नहीं है, जबकि 30 वाहन 15 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं। विभाग द्वारा 25 वाहनों का पंजीकरण निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को केवल परिवहन विभाग से अधिकृत वाहनों में ही भेजें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ