बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):उत्तर प्रदेश सरकार के 'वृक्षारोपण महाअभियान 2026' के तहत रविवार को विकास खंड बिसवां की ग्राम पंचायत इटदहा में भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। प्रदेश व्यापी 35 करोड़ पौधों के लक्ष्य में योगदान देते हुए, इस पंचायत में 3500 पौधे रोपित किए गए। इस दौरान 'एक पेड़ मां के नाम' के संकल्प के साथ पूरे क्षेत्र को हरा-भरा बनाने का बीड़ा उठाया गया।
विधायक ने किया पौधारोपण
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिसवां विधायक निर्मल वर्मा ने सहभागिता की। उन्होंने स्वयं पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाई। उन्होंने कहा कि वृक्ष ही जीवन का आधार हैं और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह एक पेड़ अवश्य लगाए।
अधिकारियों ने निभाई जिम्मेदारी
वृक्षारोपण के इस पुनीत कार्य में खंड विकास अधिकारी बिसवां, वन क्षेत्राधिकारी अतुल श्रीवास्तव, वन दरोगा राजकरण यादव और वन दरोगा प्रद्युम्न तिवारी ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति ने अभियान को और भी प्रभावशाली बना दिया।
विद्यार्थियों ने बढ़ाया उत्साह
ग्राम प्रधान संजय शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद स्कूल के 50 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नन्हे हाथों द्वारा किए गए पौधारोपण ने उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया। इस अवसर पर विनय शुक्ला, छैल बिहारी शुक्ला अरविंद वर्मा, बबलू गुप्ता,गोपी शुक्ला,राजेश कुमार सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने ग्राम पंचायत को स्वच्छ और हरा-भरा रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
0 टिप्पणियाँ