#सीतापुर: पुलिस का अभियान जारी, वारंटियों और वांछितों पर कसा शिकंजा; 5 गिरफ्तार.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद में अपराधों पर अंकुश लगाने और फरार चल रहे अभियुक्तों को सलाखों के पीछे भेजने के लिए एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस का अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने दबिश देकर पांच वांछितों और वारंटियों को धर दबोचा।
पिसावां में वारंटी को दबोचा
थाना पिसावां पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के मामले में वांछित रामबक्श पुत्र बाबू राम, निवासी कैथुलिया को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपील फौजीदारी संख्या 18/2001 के मामले में काफी समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इमलिया सुल्तानपुर में तीन गिरफ्तार
इमलिया सुल्तानपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही परिवार के तीन वारंटियों को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपियों में हरिवंश पुत्र लोनेराम, सुनीता पत्नी हरिवंश और पूनम पुत्री हरिवंश शामिल हैं, जो बेलहरा गांव के निवासी हैं। इन पर मारपीट और तोड़फोड़ से संबंधित मामले दर्ज थे।
तम्बौर पुलिस के हत्थे चढ़ा वांछित
तम्बौर पुलिस ने चोरी और आर्म्स एक्ट के मुकदमे में वांछित अमर चंद्र पुत्र राम आसरे पासी, निवासी मुद्रासन हरगांव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक चोरी की पायल और एक नाजायज चाकू बरामद किया है। पुलिस ने धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ