#सीतापुर में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, कीटनाशक दुकानों व गोदामों पर छापेमारी, 6 नमूने भरे.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद में कीटनाशकों की आड़ में चल रहे खेल पर कृषि विभाग ने लगाम कस दी है। बीते दिवस कृषि एवं गन्ना विभाग की संयुक्त टीमों ने जिले भर में सघन छापेमारी की। 28 स्थानों पर की गई इस कार्रवाई से कीटनाशक विक्रेताओं और वितरकों में हड़कंप मचा रहा। विभाग ने मानक विहीन रसायनों के विक्रय और सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार करने वालों को कड़ी चेतावनी दी है।
28 प्रतिष्ठानों पर हुई छापेमारी
जिला कृषि रक्षा अधिकारी शिवशंकर ने बताया कि शासन के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलवार टीमें गठित की गई थीं। उप कृषि निदेशक डॉ. श्रवण कुमार सिंह ने मिश्रिख-सिधौली, जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार ने सीतापुर-महोली और स्वयं उन्होंने महमूदाबाद, बिसवां व लहरपुर में कार्रवाई की। इस दौरान चीनी मिलों के केंद्रों और निजी कीटनाशक गोदामों की बारीकी से जांच की गई।
 जांच के लिए भेजे गए 6 नमूने
छापेमारी के दौरान टीम ने कुल 6 नमूने लिए हैं। इन नमूनों को प्रयोगशाला भेज दिया गया है। कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट में यदि रसायन मानकों के अनुरूप नहीं मिले, तो संबंधित फर्मों के खिलाफ कीटनाशी अधिनियम-1968 और नियमावली-1971 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार पर सख्त निगरानी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि कुछ लोग सोशल मीडिया का सहारा लेकर कीटनाशकों के बारे में भ्रामक जानकारी फैला रहे हैं और कूटनाम  से उत्पादों की बिक्री कर रहे हैं। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी डीलर्स, रिटेलर्स और वितरकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शासन की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन करें। किसी भी तरह का भ्रामक प्रचार या अवैध बिक्री करते पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ