सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत थाना सकरन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गैंगेस्टर एक्ट के मुकदमे में लंबे समय से वांछित चल रहे एक शातिर अपराधी को दबोच लिया है। पुलिस अब आरोपी की अपराध से अर्जित संपत्ति का ब्योरा जुटा रही है ताकि गैंगेस्टर एक्ट के तहत उसे कुर्क किया जा सके।
लखनऊ से दबोचा गया शातिर
एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आलोक सिंह के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी बिसवां हर्षित चौहान के नेतृत्व में थाना सकरन पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने कुलदीप कुमार द्विवेदी निवासी जनपद बांदा को गिरफ्तार किया। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लखनऊ के गुडंबा और मड़ियांव इलाकों में अपना ठिकाना बदल-बदल कर रह रहा था।
अपराध की दुनिया का लंबा इतिहास
पकड़ा गया आरोपी कुलदीप कुमार द्विवेदी (34) आदतन अपराधी है। थाना सकरन में उसके खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के अलावा बीएनएस की गंभीर धाराओं में भी मुकदमा दर्ज है। लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों के चलते पुलिस ने उसे धर दबोचने के लिए जाल बिछाया था, जिसमें अंततः वह फंस गया।
संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई शुरू
पुलिस की अब नजर आरोपी द्वारा अपराध के बल पर खड़ी की गई संपत्ति पर है। जांच में जुटी टीम अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर रही है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि अपराध से बनाई गई किसी भी संपत्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उसे गैंगेस्टर एक्ट के तहत जब्त करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। न्यायालय में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
0 टिप्पणियाँ