#सीतापुर:मिशन सेफ फ्यूचर: 7 जुलाई तक दस्तावेज दुरुस्त करें स्कूल, अन्यथा होगी मान्यता रद्द.

सिधौली,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): परिवहन विभाग के 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान के तहत शनिवार को तहसील सिधौली क्षेत्र के विद्यालयों के बाहर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान निजी वाहनों का स्कूली वाहनों के रूप में अवैध उपयोग होता पाया गया। एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में टीम ने 12 वाहनों का चालान किया, जबकि तीन वाहनों को सीज कर दिया गया। विभागीय कार्रवाई से स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया है।
अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील
एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि चेकिंग के दौरान पाया गया कि कई निजी वाहन नियम विरुद्ध बच्चों को ढो रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दशा में निजी वाहनों का स्कूली वाहन के रूप में प्रयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे जागरूक बनें और निजी वाहनों में बच्चों को भेजने से बचें। आरआई संजय कुमार ने वाहनों की यांत्रिक दशा की बारीकी से जांच की और सुरक्षा मानकों को परखा।
8 जुलाई से बढ़ेगी सख्ती
यह विशेष अभियान 1 से 15 जुलाई तक संचालित है। विभाग ने प्रथम चरण में 7 जुलाई तक का समय स्कूल संचालकों को दिया है ताकि वे फिटनेस, परमिट व अन्य आवश्यक दस्तावेज दुरुस्त करा सकें। एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि 8 जुलाई के बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। जनपद में अब तक 697 स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया जा चुका है, जिसमें 16 वाहन अनफिट मिले हैं और 32 के पास परमिट नहीं है।
मान्यता रद कराने की चेतावनी
एआरटीओ ने कहा कि अभियान का मकसद सिर्फ चालान करना नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्कूल संचालकों ने समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी, तो संबंधित विद्यालयों की मान्यता समाप्त करने की संस्तुति उच्चाधिकारियों से की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ