#सीतापुर-लखीमपुर हाईवे: बस दुर्घटना में चालक घायल, जांच में जुटी पुलिस.

हरगांव,सीतापुर(उत्तर प्रदेश)।सीतापुर-लखीमपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम कल्याणपुर के समीप स्थानीय प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 4 बजे एक रोडवेज बस और भूसी लदे ट्रक के बीच टक्कर हो गई। इस घटना में रोडवेज बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन बस में सवार यात्री सुरक्षित रहे, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं।
हादसे में बस चालक अजय कुमार, जो लखीमपुर खीरी के ग्राम सुंसी के निवासी हैं, घायल हुए हैं। टक्कर के कारण चालक के पैर स्टीयरिंग और केबिन में फंस गए थे,पीछे से आ रही अन्य बसों के चालक, परिचालक और यात्रियों ने रॉड और बेलचे की मदद से घायल चालक को बाहर निकाला। चालक को सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं और उन्हें ओयल ट्रॉमा सेंटर, लखीमपुर में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद रोडवेज बस के यात्रियों को अन्य साधनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। ट्रक चालक वाहन समेत घटनास्थल से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। मामले पर जानकारी देते हुए प्रभारी निरीक्षक आनंद नारायण त्रिपाठी ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ