मिश्रिख,सीतापुर(संवाददाता): मिश्रिख स्थित पौराणिक महर्षि दधीचि कुंड में गुरुवार दोपहर मछलियों के मरने की घटना सामने आई है। कुंड में बड़ी संख्या में मृत मछलियाँ दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी।
इस मामले पर स्थानीय निवासियों और तीर्थ के पुजारियों का कहना है कि यह समस्या प्रतिवर्ष बारिश के बाद उत्पन्न होती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुंड की नियमित सफाई का अभाव और लंबे समय से फिल्टर मशीनों का खराब होना इसके मुख्य कारणों में से एक है, जिससे जल की गुणवत्ता प्रभावित होती है और मछलियों के लिए ऑक्सीजन की कमी हो जाती है। स्थानीय लोग जल संरक्षण और कुंड की सफाई के लिए स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
वहीं, प्रशासन की ओर से उपजिलाधिकारी अभिनव यादव ने स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद तुरंत कदम उठाए गए हैं। कुंड के पानी में चूना और पोटाश डलवाया गया है ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। प्रशासन ने संबंधित विभागों को मौके पर भेजकर स्थिति का आकलन करने और मछलियों को बचाने के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक कार्रवाई की बात कही गई है।
0 टिप्पणियाँ