#सीतापुर में शुरू हुई लखनऊ जोन की शूटिंग प्रतियोगिता, अनुशासन और निशानेबाजी की हो रही परख.

सीतापुर(संवाददाता):11वीं वाहिनी पीएसी फायरिंग रेंज परिसर में शुक्रवार को लखनऊ जोन की 51वीं अंतरजनपदीय शूटिंग स्पोर्ट्स राइफल/रिवॉल्वर एवं पिस्तौल तथा अलार्म एफिशिएंसी रेस प्रतियोगिता-2026 का विधिवत शुभारंभ हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह ने प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
जोन के 10 जनपदों के 57 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में लखनऊ जोन के विभिन्न जनपदों से कुल 57 पुलिसकर्मी प्रतिभाग कर रहे हैं। इसमें मेजबान सीतापुर के साथ-साथ हरदोई, लखनऊ, सुरक्षा विभाग, सुल्तानपुर, लखीमपुर खीरी, अमेठी, बाराबंकी और उन्नाव सहित कुल 10 जनपदों व इकाइयों की टीमें शामिल हैं। उद्घाटन अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से पुलिस बल के जवानों में अनुशासन, शारीरिक दक्षता और आपसी समन्वय को और अधिक मजबूती मिलती है।
निशानेबाजी के साथ दिख रहा अनुशासन का दम
प्रतियोगिता के पहले दिन राइफल, रिवॉल्वर और पिस्तौल शूटिंग की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपने अचूक निशाने का बेहतरीन प्रदर्शन किया। मैदान पर सुरक्षा कर्मियों का उत्साह और अनुशासन देखते ही बन रहा था। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की एकाग्रता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की कड़ी परीक्षा ली जा रही है, जो मैदानी पुलिसिंग और ऑपरेशनल कार्यों में बेहद मददगार साबित होती है।
अधिकारियों की मौजूदगी से बढ़ा खिलाड़ियों का मनोबल
इस जोन स्तरीय प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के दौरान पुलिस महकमे के कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। क्षेत्राधिकारी लाइन्स/सदर नेहा त्रिपाठी और प्रतिसार निरीक्षक शिवबालक वर्मा ने रेंज पर मौजूद रहकर पूरी व्यवस्था का जायजा लिया और प्रतिभागियों की हौसलाफजाई की। आगामी तीन दिनों तक चलने वाली इन विभिन्न स्पर्धाओं के संपन्न होने के बाद, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ