#सीतापुर में सक्रिय था चोरों का गिरोह, हिस्ट्रीशीटर समेत पांच गिरफ्तार; नकदी और आभूषण बरामद.

सिधौली,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद में चोरी और नकबजनी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। एसओजी और सिधौली पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलकर एक शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सकरन थाने का हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। टीम ने इनके पास से नकद रुपये, आभूषण और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार व अवैध असलहे बरामद किए हैं।
रेकी कर घरों को बनाते थे निशाना
गिरफ्तार अभियुक्तों में दीपू जायसवाल, संदीप निषाद, कलीम, शाहिद खां और गोपाल उर्फ मकरंडी शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का काम करने का तरीका बेहद संगठित था। सदस्य पहले दिन में इलाके की रेकी करते थे और सुनसान घरों को चिन्हित कर लेते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में पेंचकस, सरिया, प्लास और चाबियों के गुच्छे लेकर ये लोग घरों के ताले तोड़कर कीमती सामान व नकदी पर हाथ साफ कर देते थे।
कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने सिधौली के ग्राम रायगंज, टडई कला, मछरेहटा के बीहट बीरम और सकरन क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पकड़े गए गिरोह का सरगना कलीम सकरन थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर पहले से ही 14 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, शाहिद खां और गोपाल उर्फ मकरंडी के विरुद्ध भी पूर्व में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 13,350 रुपये नकद, 12 पायल, सोने के आभूषण, दो देसी तमंचे, चार जिंदा कारतूस और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस अब इनके अन्य संपर्कों को खंगालने में जुटी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ