सीतापुर(उत्तर प्रदेश):अटरिया स्थित प्रसिद्ध बालेश्वर महादेव धाम में आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। सिधौली के उपजिलाधिकारी अवनीश कुमार ने थाना अटरिया के प्रभारी निरीक्षक लालबहादुर मिश्रा और अन्य विभागीय कर्मचारियों के साथ मंदिर परिसर, गोमती नदी घाट तथा आवागमन मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधों और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने कुछ प्रमुख समस्याएं प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखीं। लोगों ने बताया कि गोमती नदी के घाटों की सीढ़ियों पर काई जमने के कारण फिसलन बढ़ गई है, जिससे सावन माह में भारी भीड़ के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा, मंदिर परिसर के पास स्थित सामुदायिक शौचालय के लंबे समय से बंद रहने की शिकायत भी सामने आई, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं व महिलाओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय नागरिकों और महंतों ने धार्मिक स्थल की गरिमा और सात्विक वातावरण बनाए रखने के लिए आसपास के क्षेत्रों में कुछ विशेष प्रकार के खानपान कारोबार पर आपत्ति जताते हुए उचित कदम उठाने की मांग की है। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से अपील की है कि श्रावण मास आरंभ होने से पूर्व घाटों की नियमित सफाई, फिसलन रोकने के उपाय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और बंद शौचालयों के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
0 टिप्पणियाँ