सीतापुर(उत्तर प्रदेश):मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता वाली योजना 'स्कूल चलो अभियान-2026' के तहत सोमवार को जनपद में भव्य आयोजन किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से निकली विशाल रैली ने शहरवासियों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प लिया।
सड़कों पर दिखा उत्साह, निकली भव्य रैली
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे नगर विकास राज्यमंत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर पैदल रैली को रवाना किया। उपायुक्त मनरेगा, जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी की मौजूदगी में निकाली गई इस रैली में लगभग 1200 लोगों ने भागीदारी की। माँ सरस्वती की झांकी, स्कूली बैंड और मधुर संगीत के साथ निकली रैली ने शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। रैली कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से शुरू होकर तरण ताल होते हुए राजकीय इंटर कॉलेज तक पहुंची।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा राजकीय इंटर कॉलेज
राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। इस दौरान कम्पोजिट विद्यालय जमैयतपुर के बच्चों ने मंत्रमुग्ध कर देने वाली सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम में महोली ब्लॉक की ओर से नामांकन जागरूकता के लिए कठपुतली शो और प्राथमिक विद्यालय मिश्रापुर, खैराबाद के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए। मंच से प्रतीकात्मक रूप से 10 बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें व बैग वितरित किए गए। वहीं, कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागी बच्चों को बैग उपहार स्वरूप दिए गए।
नामांकन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक सम्मानित
शिक्षक एमएलसी उमेश द्विवेदी और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने सरकार की शिक्षा नीतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे घर-घर संपर्क कर सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहे। कार्यक्रम में जनपद में उत्कृष्ट नामांकन के लिए शीर्ष पांच विद्यालयों प्राथमिक विद्यालय कोलगढ़-बेहटा, कनकारी-1-रेउसा, कम्पोजिट विद्यालय बाड़ी-सिधौली, रतौली-बेहटा और मुजफ्फरपुर-सिधौली के प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
0 टिप्पणियाँ