सीतापुर(उत्तर प्रदेश): बिसवां कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम करीब 6 बजे 15 वर्षीय एक छात्रा द्वारा शारदा सहायक नहर में छलांग लगाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से छात्रा की तलाश शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों के अनुसार, छात्रा घर से सब्जी लेने की बात कहकर निकली थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो स्वजन उसकी तलाश कर ही रहे थे कि उन्हें नहर में छलांग लगाने की जानकारी मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्रा नहर के पास स्थित एक बादाम शेक के ठेले पर पहुंची और वहां मौजूद व्यक्ति को अपने परिजनों का मोबाइल नंबर देते हुए कहा, "मेरे परिवार वालों को बता देना, मैं जा रही हूं"। इसके तुरंत बाद उसने शारदा सहायक नहर में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन नहर के तेज बहाव के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
पुलिस ने घटनास्थल से छात्रा का दुपट्टा और चप्पलें बरामद की हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और गोताखोरों की टीम नहर में सर्च अभियान चला रही है। परिजनों का कहना है कि घर में किसी प्रकार का विवाद या तनाव नहीं था और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि छात्रा ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और छात्रा के नहर में छलांग लगाने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ