#सीतापुर: रघुनाथपुर गांव में जंगली सियार का तांडव, दो ग्रामीणों को किया घायल.

संदना,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):संदना थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर तेंदुआ गांव में सोमवार सुबह एक जंगली सियार ने आतंक मचा दिया। सुबह करीब आठ बजे शौच के लिए खेतों की ओर गए दो ग्रामीणों, 70 वर्षीय रघुपाल सिंह और 35 वर्षीय रघुवीर सिंह पर सियार ने अचानक हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों की मदद से किसी तरह सियार को भगाकर उनकी जान बचाई।
हमले के बाद सियार ने रास्ते में चार मवेशियों को भी अपना निशाना बनाया। इस घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है और लोगों ने अपने बच्चों व पशुओं को घरों में कैद कर लिया है। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस सक्रिय हो गई है। डीएफओ ने बताया कि टीम को मौके पर भेजा जा रहा है और सियार को पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ