सीतापुर(उत्तर प्रदेश):नई उर्वरक वितरण प्रणाली के विरोध में सोमवार को सीतापुर के सैकड़ों उर्वरक विक्रेता लामबंद होकर सड़कों पर उतर आए। खुदरा कृषि व्यापारी वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले व्यापारियों ने लखनऊ कूच के लिए पैदल मार्च शुरू किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद आक्रोशित व्यापारियों ने प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर नई व्यवस्था में तत्काल संशोधन की मांग की है।
उर्वरक विक्रेताओं का कहना है कि नई प्रणाली के लागू होने से विक्रेताओं और किसानों दोनों को भारी व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रक्रिया के दोहरे बोझ से विक्रेताओं का समय और संसाधन प्रभावित हो रहे हैं। विक्रेताओं ने मांग की है कि यूरिया की आपूर्ति एफओआर व्यवस्था के तहत सीधे दुकानों तक हो, ई-टोकन प्रणाली में सुधार किया जाए और कागजी दस्तावेजों की अनिवार्यता समाप्त की जाए।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें शीघ्र पूरी नहीं की गईं, तो प्रदेश भर के विक्रेता उर्वरकों की खरीद बंद कर आंदोलन को और तेज करेंगे।
0 टिप्पणियाँ