#सीतापुर में 'एक पेड़ माँ के नाम' की गूँज, बीएसए ने छात्राओं को सिखाया प्रकृति के प्रति दायित्व का पाठ.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ गोरखनाथ पटेल ने रविवार को 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत परसेंडी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और मातृ शक्ति के सम्मान का संदेश दिया।
बीएसए ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि माँ की स्मृति में लगाया गया पौधा न केवल पर्यावरण को शुद्ध रखता है, बल्कि यह हमारे जीवन में ममता और प्रकृति के प्रति लगाव को भी दर्शाता है। उन्होंने छात्राओं से न केवल पौधे लगाने, बल्कि उनकी निरंतर देखभाल करने का भी आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं और शिक्षिकाओं ने पौधरोपण में सहभागिता की।
पौधरोपण कार्यक्रम के पश्चात, बीएसए ने गोंदलामऊ स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में छात्राओं की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई। उन्होंने रसोई घर और स्टोर रूम की जाँच की, जिसमें खाद्यान्न सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिली। विद्यालय की व्यवस्थाओं से संतुष्ट बीएसए ने वहां मौजूद स्टाफ और छात्राओं को सुरक्षा मानकों का पालन करने और परिसर में विशेष स्वच्छता बनाए रखने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बालिकाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ