#सीतापुर: 'एक पेड़ माँ के नाम' से महका परिवहन कार्यालय परिसर, 2,300 पौधों के रोपण का लक्ष्य.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए रविवार को परिवहन विभाग द्वारा वृहद पौधरोपण अभियान का आगाज किया गया। इस दौरान एआरटीओ (प्रशासन) सर्वेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में अधिकारियों व कर्मचारियों ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया। अभियान के तहत जनपद में कुल 2,300 पौधे रोपित किए जाने हैं।
पर्यावरण के लिए जन-सहभागिता जरूरी
एआरटीओ प्रशासन सर्वेश चतुर्वेदी ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" व "हर घर एक पेड़" अभियान का मुख्य उद्देश्य धरती के श्रृंगार को वापस लाना है। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके बड़े होने तक नियमित देखभाल और सिंचाई करना भी उतना ही आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व हरित वातावरण मिल सके।
विभागीय लक्ष्य और कार्ययोजना
पौधरोपण कार्यक्रम के तहत विभाग को कुल 2,300 पौधे लगाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसमें परिवहन विभाग द्वारा 920 तथा परिवहन निगम द्वारा 1,380 पौधे रोपित किए जाएंगे। इस क्रम में परिवहन कार्यालय परिसर में 50, तुलसनपुर में 300, मोटर चालन प्रत्यायन केंद्र खैराबाद में 100, बड़ागांव में 300 व ईटदहा में 170 पौधों का रोपण कार्य पूरा किया गया।
वाहन स्वामियों से की अपील
एआरटीओ ने जिले के समस्त वाहन स्वामियों, चालकों व आम नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने आग्रह किया कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके वृक्ष बनने तक उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी ले। इस अवसर पर पीटीओ एमए आब्दीन, आरआई संजय कुमार, अंशुमान सिंह, रोहित यादव, संदीप गुप्ता, मयंक सिंह, रवि, संजीव सोनकर व विकास अग्रवाल सहित अन्य विभागीय कर्मी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ