#सीतापुर: जर्जर सड़क पर धान की रोपाई कर जताया विरोध, प्रशासन पर उदासीनता का आरोप.

तंबौर,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):विकासखंड तंबौर की आदर्श नगर पंचायत अहमदबाद के वार्ड अहमदबाद पूर्वी में लंबे समय से जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या से परेशान निवासियों का गुस्सा शनिवार सुबह फूट पड़ा। प्रशासन की उदासीनता से नाराज मोहल्लेवासियों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए जलमग्न सड़क पर ही धान की रोपाई कर डाली और नगर पंचायत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश होते ही सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है और स्कूली बच्चों, बुजुर्गों व मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पिछले सप्ताह लिखित ज्ञापन देने के बावजूद प्रशासन ने कोई कार्यवाही नहीं की। प्रदर्शन में आकिब अंसारी, अतहर अंसारी, रिजवान, सोनू, इरफान, इमरान, मंसूर अंसारी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण और जल निकासी की स्थाई व्यवस्था नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ