सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बेनियापुर गाँव में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ नशे के आदी एक कलयुगी बेटे ने शराब पीने से मना करने पर अपनी ही 65 वर्षीय माँ सावित्री देवी की निर्मम हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी बेटा त्रिभुवन कोई काम-काज नहीं करता था और शराब का लती था। इसी कारण माँ-बेटे के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। शनिवार रात जब त्रिभुवन नशे की हालत में घर पहुँचा, तो माँ ने उसे टोका। इससे आक्रोशित होकर उसने घर में रखे एक भारी डंडे से माँ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने से सावित्री देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर इमलिया सुल्तानपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। थाना अध्यक्ष आशीष तिवारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना से पूरे गाँव में मातम पसरा हुआ है।
0 टिप्पणियाँ