सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने बीते दिवस नगर पालिका परिषद क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपवन योजना के तहत बिजवार में निर्माणाधीन पार्क और वार्ड संख्या-09 लोनियनपुरवा पूर्वी लक्ष्मनपुर में तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति को परखा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बिजवार पार्क के निर्माण में तेजी लाने और निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोनियनपुरवा पूर्वी में तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का जायजा लेते हुए उन्होंने प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर इंटरलॉकिंग उखड़वाकर कार्यों की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित हो ताकि जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
0 टिप्पणियाँ