#सीतापुर:बागवानी और आधुनिक खेती पर किसानों को मिलेगा 50 प्रतिशत तक अनुदान, पंजीकरण शुरू.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जिले में औद्यानिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से उद्यान विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एकीकृत बागवानी विकास मिशन के लक्ष्य जारी कर दिए हैं। योजना के तहत विभिन्न मदों में किसानों को कुल इकाई लागत का 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा।

विभाग के अनुसार नवीन उद्यान रोपण जैसे केला, पपीता, आम, अमरूद, ड्रैगन फ्रूट और स्ट्रॉबेरी के साथ-साथ शाक-भाजी, मसाला, मशरूम उत्पादन, पुष्प व औषधीय खेती पर यह लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त प्लास्टिक मल्चिंग, मचान, मधुमक्खी पालन तथा ट्रैक्टर, पावर टिलर व स्प्रे मशीन जैसे कृषि यंत्रों पर भी सब्सिडी मिलेगी।

इच्छुक किसान विभागीय पोर्टल dbt.uphorticulture.in पर आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी और पासपोर्ट साइज फोटो के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। योजना का लाभ पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर देय होगा। विस्तृत जानकारी के लिए स्वरूपनगर स्थित राजकीय पौधशाला परिसर में जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ