थानगांव,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): थानगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजापुर गांव के पास सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। कांवड़ यात्रा के लिए लोगों को जागरूक करने निकली टीम का डीजे वाहन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, जिससे वाहन में तेज करंट उतर आया।
इस भयानक हादसे में ग्राम छेद्दापुरवा निवासी गुड्डू यादव और ग्राम धौरा निवासी संतोष यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलते ही थानगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को रेउसा अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है कि वाहन हाईटेंशन लाइन की चपेट में कैसे आया। इस अप्रत्याशित घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
0 टिप्पणियाँ