#सीतापुर:नैमिषारण्य में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त, आईजी और एसपी ने किया निरीक्षण.

नैमिषारण्य ,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):पवित्र तीर्थस्थल नैमिषारण्य में कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र किरण एस और पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से नैमिषारण्य क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने प्रमुख कांवड़ मार्गों, यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं के आवागमन का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विश्राम स्थलों पर पेयजल, चिकित्सा और अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और सतत निगरानी पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बल को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व सहयोगात्मक व्यवहार रखा जाए, ताकि किसी को असुविधा न हो। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय रखने को कहा गया। सीतापुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यात्रा में आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध आवाजाही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ