सीतापुर(उत्तर प्रदेश): रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में सुमित्रा मॉडर्न एकेडमी, विजय लक्ष्मी नगर की छात्राओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. से आत्मीय भेंट की। इस दौरान छात्राओं ने जिलाधिकारी की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर पर्व की शुभकामनाएं दीं और भाई-बहन के पवित्र स्नेह एवं अटूट विश्वास का संदेश दिया।
मुलाकात के दौरान छात्रा रिशानी तिवारी, सृष्टि शर्मा, महिमा रावत, वृंदा और हुरैन फातिमा ने रक्षासूत्र बांधने के साथ जिलाधिकारी को एक पौधा भी भेंट किया। छात्राओं की इस हरित पहल की सराहना करते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने सभी छात्राओं को स्नेहपूर्ण आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य प्राप्ति के लिए मन लगाकर पढ़ाई करने, जीवन में नैतिक संस्कारों को आत्मसात करने और माता-पिता व गुरुजनों का सदैव सम्मान करने का संदेश दिया। जिले के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी से मिले इस आत्मीय संवाद और मार्गदर्शन से छात्राएं अत्यंत उत्साहित नजर आईं। उनके लिए यह भेंट यादगार और प्रेरणादायी रही।


0 टिप्पणियाँ