#सीतापुर:दुकान में सफाई के दौरान बुजुर्ग को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत.

बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भोलागंज में सर्पदंश से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला भोलागंज निवासी लालता प्रसाद (63) पुत्र स्वर्गीय मनोहर, कस्बे के दिलीप किराना स्टोर पर साफ-सफाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान दुकान में छिपे एक जहरीले सांप ने उन पर हमला कर दिया। सांप ने उनके हाथ और पैर में दो-तीन बार डस लिया, जिससे उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।

आसपास के लोग आनन-फानन में उन्हें निजी वाहन से उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस सीतापुर भेज दिया। बुजुर्ग की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ