सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। जनपद में अपराध नियंत्रण व गंभीर मामलों में फरार चल रहे अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत सात थानों की पुलिस टीमों ने कुल 22 वांछित व वारंटी अभियुक्तों को धर दबोचा। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
अभियान के दौरान तम्बौर पुलिस ने सर्वाधिक सक्रियता दिखाते हुए न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर 11 वारंटियों को गिरफ्तार किया। सकरन पुलिस ने छिनैती की घटना का अनावरण करते हुए तीन झपटामारों सिराज उर्फ कल्लू, मनीष कुमार व अंकित कुमार को छीने गए मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया।
वहीं रेउसा पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित कमला प्रसाद को चोरी के चावल व सरसों सहित पकड़ा। अटरिया पुलिस ने पॉक्सो एक्ट व दुष्कर्म जैसे संगीन मामलों में वांछित श्रीकेशन सहित दो आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा।
इसके अतिरिक्त थानगांव पुलिस ने दो वारंटी, हरगांव पुलिस ने दो वारंटी तथा तालगांव पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अपराधियों और वारंटियों के विरुद्ध यह सघन धरपकड़ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



0 टिप्पणियाँ