सीतापुर(उत्तर प्रदेश): रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित दधीचि सभागार में सोमवार को अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए दो पुलिसकर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। क्षेत्राधिकारी लाइन्स नेहा त्रिपाठी ने उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस रविंद्र प्रकाश सिंह और मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस शैलेश चंद्र तिवारी को भावपूर्ण विदाई दी।
समारोह के दौरान सीओ लाइन्स ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों के सेवाकाल और विभाग में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा बेहद चुनौतीपूर्ण होती है, जिसे पूरी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ पूरा कर सकुशल सेवानिवृत्त होना गौरव की बात है।
सीओ ने उपस्थित पुलिसकर्मियों और सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजनों से आत्मीय संवाद स्थापित किया। उन्होंने दोनों कर्मियों को उपहार व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सुखद, समृद्ध और स्वस्थ जीवन की कामना की। इस दौरान पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।


0 टिप्पणियाँ