#लखनऊ:सेवा विस्तार और डिजिटल प्रबंधन पर सेवा भारती की बैठक में मंथन.

लखनऊ(उत्तर प्रदेश): सेवा भारती अवध प्रांत की प्रांतीय कार्यकर्ता बैठक महामना छात्रावास, गोमती नगर में संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र सेवा प्रमुख पूर्वी उप्र युद्धवीर जी, प्रांत सेवा प्रमुख देवेंद्र अस्थाना और उपाध्यक्ष मनोरमा जी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

बैठक में सेवा कार्यों के विस्तार, वार्षिक कैलेंडर और डिजिटल प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान सेवा भारती ऐप, पोर्टल एवं ईआरपी का विधिवत लोकार्पण हुआ। प्रांत प्रचार प्रमुख अभिषेक जी ने इन डिजिटल माध्यमों का प्रस्तुतीकरण देकर कार्यकर्ताओं को डेटा फीडिंग की जानकारी दी। उद्घाटन से पूर्व प्रांतीय महामंत्री रजनीश जी और लखनऊ विभाग महामंत्री आलोक जी ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से डेटा प्रबंधन की अहमियत समझाई।


युद्धवीर जी ने कहा कि डिजिटल ऐप कार्यकर्ताओं की निगरानी के लिए नहीं, बल्कि कार्यों में पारदर्शिता और व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए है। बैठक में शहरी बस्तियों में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए कोचिंग सेंटर और विभागीय स्तर पर कक्षा 6 से 12 तक के वंचित वर्ग के बच्चों के लिए छात्रावास शुरू करने पर चर्चा हुई।

अंतिम सत्र में प्रांत कोषाध्यक्ष मंशाबख्श राजावत ने वित्तीय पारदर्शिता और लेखा प्रबंधन के गुर सिखाए। बैठक में तेजभान, आनंद, ललराम, राजेश अग्रवाल, नरेंद्र अग्रवाल और करन निगम सहित सभी विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ