सीतापुर(उत्तर प्रदेश): कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल की संयुक्त अध्यक्षता में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और न्यायालयों में विचाराधीन वादों के त्वरित निस्तारण को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आमजन को त्वरित न्याय दिलाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गंभीर मामलों में प्रभावी पैरवी बेहद जरूरी है। गवाहों की समय पर पेशी सुनिश्चित कर अपराधियों को कड़ी सजा दिलाई जाए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने पुलिस व अभियोजन अधिकारियों को आपसी तालमेल से काम करने तथा लंबित प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निपटाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर समेत अभियोजन विभाग व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ