#सीतापुर:जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने किया जिला कारागार और वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ और जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष आशीष जैन के निर्देशों के तहत, प्राधिकरण के सचिव आलोक यादव ने शुक्रवार को जिला कारागार और वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कारागार परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। सचिव ने महिला बैरक, बच्चा बैरक और पाकशाला का जायजा लिया। पाकशाला में रोस्टर के अनुसार शाम का भोजन तैयार होता मिला। बंदियों से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि उन्हें समय पर भोजन, नाश्ता और चिकित्सीय सुविधाएं मिल रही हैं। कारागार अस्पताल में तैनात डॉक्टर ने बीमार बंदियों के इलाज की जानकारी दी। वहीं, लाइब्रेरी के निरीक्षण के दौरान जेलर ने बताया कि बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा तैनात एक अध्यापक बंदियों को निःशुल्क शिक्षा दे रहे हैं।

इसके बाद सचिव ने वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। वहां रोस्टर के अनुसार पूरा स्टाफ मौजूद था। शेल्टर होम में एक बालिका उपस्थित मिली, जबकि चार अन्य बालिकाओं को न्यायालय में बयान के लिए ले जाया गया था। निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि सेंटर के प्रथम तल पर पानी की व्यवस्था नहीं है और सुरक्षा के लिहाज से रेलिंग भी नहीं बनी है। इस पर सचिव ने अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ-सफाई पर विशेष जोर देने और सभी कमियों को जल्द से जल्द दूर करने के कड़े निर्देश दिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ