सीतापुर(उत्तर प्रदेश): राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खैराबाद में शुक्रवार को कौशल विकास मिशन और आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगजन रोजगार अभियान 3.0 का आयोजन किया गया। मेले में आईटीआई, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और डिप्लोमा धारक दिव्यांग अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मेले में अमेज़न, फ्लिपकार्ट, वी-मार्ट, स्टारटेक और आरके इंडस्ट्रीज जैसी दिग्गज कंपनियों ने शिरकत की। कुल 74 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 22 युवाओं का विभिन्न पदों पर चयन हुआ। इसके अलावा, स्वरोजगार के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी और युवा स्वरोजगार योजनाओं के तहत 18 अभ्यर्थियों ने नामांकन कराया। कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र, श्रम विभाग और लीड बैंक मैनेजर ने युवाओं को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। प्रधानाचार्य डॉ. नूपुर कश्यप ने कहा कि इस मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उद्योगों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। समापन अवसर पर सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

0 टिप्पणियाँ