सीतापुर(उत्तर प्रदेश): मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जगजीवनपुर गांव में कब्र से शव बाहर होने की सूचना पर शुक्रवार को पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान शव कब्र के भीतर ही सुरक्षित पाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगजीवनपुर निवासी नम्मा (55) की लगभग दो माह पूर्व बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद शव को दफनाया गया था। गुरुवार रात ग्रामीणों द्वारा कब्र के पास शव देखे जाने की बात कही गई, जिसके बाद परिजनों ने उसे पुनः व्यवस्थित किया। शुक्रवार को घटना को लेकर क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं शुरू हो गईं।
घटना की सूचना मिलने पर मानपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने स्पष्ट किया कि पुलिस के पहुंचने पर शव कब्र में ही मिला है। परिजनों की तरफ से फिलहाल कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


0 टिप्पणियाँ