#सीतापुर:मानपुर पुलिस ने किया सोलर पैनल चोर गिरोह का भंडाफोड़, हिस्ट्रीशीटर समेत चार शातिर दबोचे.

सीतापुर (संवाददाता): जनपद में खेतों व संयंत्रों से सोलर पैनल और कॉपर तार चोरी करने वाले अंतरथाना गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। मानपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर समेत चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक चोरी का सोलर पैनल और 8,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशानुसार, एएसपी (उत्तरी) आलोक सिंह के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी बिसवां के नेतृत्व में मानपुर पुलिस ने अभियान चलाकर यह सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों में सुक्खड़ उर्फ धर्मेश्वर, रंजीत, अंगद और रजनीश शामिल हैं, जो सभी मानपुर के ग्राम अहमदपुर के निवासी हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने कई चोरियों का खुलासा किया। गिरोह ने मानपुर के सरवाहनपुर और तम्बौर के छताँगुर से सोलर पैनल चुराए थे। इसके अलावा रामकोट थाना क्षेत्र के गाजीपुर व रामकोट में सौर ऊर्जा संयंत्रों से कॉपर तार काटकर बेचे थे। बरामद नकदी चोरी का माल बेचकर मिले रुपयों का शेष हिस्सा है। 

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए चारों अभियुक्तों के विरुद्ध मानपुर, तम्बौर और रामकोट थानों में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी कर सभी का चालान न्यायालय भेज दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ