सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने बीते दिवस पिसावां विकास खंड के नेरी गांव में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस सत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वैक्सीन के रख-रखाव में अनियमितता और ड्यू लिस्ट रजिस्टर में कमियां मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित एएनएम के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने एएनएम से गांव की कुल जनसंख्या और टीकाकरण की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही, सत्र में मौजूद एक गर्भवती महिला से स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया और एएनएम से उसकी तुरंत ब्लड जांच भी कराई।
दूसरी ओर, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री के रजिस्टर में भी कई त्रुटियां पाई गईं तथा गोद भराई व अन्नप्राशन कार्यक्रमों की कोई तैयारी नहीं मिली, जिस पर डीएम ने उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य और पोषण सेवाएं मिलनी चाहिए, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


0 टिप्पणियाँ