सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बेलामऊ खुर्द गांव में बीते दिवस विजय विक्रम पुत्र केसरी की गोली मारकर सनसनीखेज हत्या कर दी गई थी. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर घटना का सफल अनावरण कर दिया है. पुलिस ने हत्या में शामिल एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त सहित कुल 06 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है.
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी और थाना इमलिया सुल्तानपुर के हिस्ट्रीशीटर बदलू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उसने पुलिस को बताया कि मृतक विजय विक्रम के बेटे अमन उर्फ अंग्रेज ने करीब 8 महीने पहले उसकी बेटी को भगा लिया था. इसी पुरानी रंजिश और बदले की भावना के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से घात लगाकर विजय विक्रम को रास्ते में रोक लिया और इस वारदात को अंजाम दिया. घटना के वक्त मुख्य आरोपी बदलू और उसके भाई महेश ने बंदूक से सीने में गोली मारकर हत्या की थी, जबकि अन्य आरोपी संजीव व श्रवण ने मृतक को पकड़ा हुआ था तथा ऊदन और राम भजन आने-जाने वाले लोगों की रेकी कर रहे थे.
पुलिस ने मुख्य आरोपी बदलू की निशानदेही पर घटना स्थल से करीब 50 मीटर दूर खेत में छिपाई गई एक अवैध देशी बंदूक 12 बोर, तीन खोखा कारतूस और उसकी जामा तलाशी से दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी महोली के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने बेनियापुर गौशाला तिराहे के पास से सभी आरोपियों बदलू, महेश, संजीव, सरवन उर्फ श्रवण कुमार, ऊदन उर्फ उदित राठौर और राम भजन को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ाते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है. मुख्य आरोपी बदलू का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है.


0 टिप्पणियाँ