केजीबीवी बेहटा की कक्षा 8 की छात्राएं शिवानी और ममता राज्य स्तर के लिए चयनित.
तंबौर,सीतापुर(संवाददाता): लखनऊ के चौक स्टेडियम में आयोजित मंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिता में सीतापुर की बालिकाओं ने कबड्डी में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। टीम ने उत्कृष्ट खेल कौशल और रणनीति के दम पर प्रतिद्वंद्वी टीमों को पस्त कर प्रथम स्थान हासिल किया और मंडल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
इस खिताबी जीत में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बेहटा की बालिकाओं का विशेष योगदान रहा। विद्यालय में कक्षा 8 की छात्रा शिवानी और ममता ने अपने बेहतरीन व्यक्तिगत प्रदर्शन के दम पर राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की की। अब ये दोनों खिलाड़ी राज्य स्तर पर मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगी।
छात्राओं के चयन से विद्यालय परिसर में जश्न का माहौल है। वार्डन व शिक्षिकाओं ने शिवानी और ममता को मिठाई खिलाकर बधाई दी और कहा कि सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से ग्रामीण प्रतिभाएं भी शीर्ष पर पहुंच सकती हैं।

0 टिप्पणियाँ