#सीतापुर:जिला अस्पताल के शौचालय में सब्जी रखने का मामला: सीएमएस व फार्मासिस्ट के विरुद्ध कार्रवाई, सेवा प्रदाता पर जुर्माना.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जिला अस्पताल में मरीजों के भोजन के लिए प्रयुक्त सब्जियों को शौचालय परिसर में रखे जाने के मामले में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने कड़ा रुख अपनाया है। मामला संज्ञान में आने के बाद प्रशासन ने अस्पताल प्रशासन और भोजन सेवा प्रदाता फर्म पर सख्त कार्रवाई की है।

जिलाधिकारी ने पर्यवेक्षणीय दायित्वों में लापरवाही और शिथिलता बरतने के आरोप में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. इन्द्र सिंह के सेवा अभिलेख में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने की संस्तुति महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं को भेजी है। इसके साथ ही रसोई व्यवस्था की निगरानी के लिए तैनात फार्मासिस्ट विनय सिंह के विरुद्ध भी प्रतिकूल प्रविष्टि अंकित करने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य सामग्री के रखरखाव और स्वच्छता मानकों की अनदेखी को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने अनुबंधित भोजन सेवा प्रदाता फर्म मेसर्स एस.ए. कान्ट्रेक्टर, कुर्सी रोड लखनऊ के कुल वार्षिक भुगतान से दस प्रतिशत धनराशि कटौती करने का आदेश जारी किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ